कलेक्टर ने “डुंगर बाबा नी जड़ी बूटियों नु जोवनार” कार्यशाला के आधार पर समृद्ध ज्ञान के दस्तावेजीकरण के लिए बैठक ली

जिला झाबुआ/राजेंद्र राठौर

झाबुआ। कलेक्टर नेहा मीना की पहल पर “डुंगर बाबा नी जड़ी बूटियों नु जोवनार” की विकासखण्ड स्तरीय एवं जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया था। कार्यशाला के सफल आयोजन के उपरान्त जिले में जड़ी बूटियों से उपचार के समृद्ध ज्ञान के दस्तावेजीकरण के लिए कलेक्टर नेहा मीना की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में कलेक्टर नेहा मीना ने कहा कि जनजातीय संस्कृति एवं परम्परा के औषधीय ज्ञान को विलुप्त होने से बचाने के लिए पुस्तक के रूप में संकलन किया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि पुस्तक में संकलन हेतु लेखको की टीम का गठन किया जाए। यह ध्यान रखा जाए कि संकलन में भागीदारी करने वाले समस्त व्यक्तियों को क्रेडिट दिया जाए। समय सीमा निर्धारित कर जून के अन्त तक पुस्तक संकलित किये जाने का लक्ष्य पूर्ण किया जाए। पुस्तक को ई बुक फॉर्मेट में आमजन तक उपलब्ध कराया जाने हेतु प्रयास किये जाए। कार्यशाला में प्राप्त जानकारी को एक निश्चित फॉर्मेट में व्यवस्थित फोटोग्राफ्स के साथ संकलित किया जाए। हर सप्ताह पुस्तक संकलन की मॉनीटरिंग किये जाने के निर्देश दिये। इसके अतिरिक्त कलेक्टर ने जन अभियान परिषद के माध्यम से जिले के प्राचीन एवं ऐतिहासिक मंदिरो के सर्वे रिपोर्ट की समीक्षा कर शासन संधारित मंदिरो को भी शामिल किये जाने के निर्देश दिये। साथ ही मंदिरो की सामान्य जानकारी के साथ अन्य धार्मिक महत्व की जानकारियों के साथ दस्तावेजीकरण किये जाने के निर्देश दिये। इस दौरान डिप्टी कलेक्टर एच एस विश्वकर्मा, जिला आयुष अधिकारी डॉ. प्रमिला चौहान, जिला समन्वयक जन अभियान परिषद पी.एस. चौहान एवं अन्य उपस्थित रहे।