झाबुआ जिले में जनकल्याणी पर्व के उपलक्ष्य में महिला पुलिस अधिकारियों को सौंपा गया “डे ऑफिसर” का दायित्व।

(झाबुआ जिला संवाददाता राजेंद्र राठौर)





झाबुआ। मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जयंती के उपलक्ष्य में दिनांक 26 मई से 31 मई 2025 तक प्रदेशव्यापी जनकल्याणी पर्व का आयोजन किया गया। इस श्रृंखला में जिलेभर में विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का संचालन किया गया।
इसी क्रम में दिनांक 31 मई 2025 को पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक झाबुआ प्रेमलाल कुर्वे के मार्गदर्शन में झाबुआ जिले के समस्त थानों में महिला पुलिस अधिकारियों को डे ऑफिसर नियुक्त किया गया। इस पहल का उद्देश्य महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना और महिलाओं की भागीदारी को पुलिस कार्यप्रणाली में सुनिश्चित करना है।
महिला अधिकारियों ने संबंधित थानों में आमजन की समस्याएं गंभीरता से सुनीं तथा त्वरित समाधान हेतु आवश्यक कार्यवाही की। उन्होंने नागरिकों से संवाद स्थापित कर महिला सुरक्षा, घरेलू हिंसा, बाल संरक्षण जैसे मुद्दों पर जागरूकता भी फैलायी।
साथ ही, महिला चीता पुलिस मोबाइल इकाइयों द्वारा जिलेभर में सक्रिय गश्त कर कानून-व्यवस्था की निगरानी की गई। इस पहल को नागरिकों द्वारा सराहा गया तथा महिलाओं की प्रभावी भूमिका को सामाजिक सुरक्षा की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया गया।