एलपीजी टैंकर दुर्घटना : जिला आपदा प्रबंधन प्रणाली के अंतर्गत प्रशासन की त्वरित, समन्वित एवं प्रभावी कार्यवाही

झाबुआ। शनिवार को प्रातः लगभग 7:45 बजे मेघनगर रोड से आ रहे एक ट्रक की टक्कर से एलपीजी से भरा एक टैंकर फूलमाल चौराहे पर पलट गया। घटना की सूचना प्राप्त होते ही कलेक्टर एवं जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की अध्यक्ष नेहा मीना के निर्देशन में जिला आपदा प्रबंधन योजना के अंतर्गत तत्काल राहत, सुरक्षा एवं नियंत्रण कार्य प्रारंभ किया गया।

आपदा की संभावित गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए राजस्व विभाग, एसडीआरएफ, सिविल डिफेंस, पुलिस, गेल इंडिया लिमिटेड, नगर पालिका की फायर टीम एवं अन्य संबंधित विभागों की टीमें त्वरित रूप से घटनास्थल पर पहुंचीं। कलेक्टर के निर्देशानुसार एहतियातन फूलमाल चौराहे के आसपास 800 मीटर की परिधि को संवेदनशील क्षेत्र घोषित करते हुए क्षेत्र में स्थित सभी चाय-नाश्ते की दुकानों एवं घरों के गैस चूल्हे तथा विद्युत आपूर्ति को तत्काल बंद कराया गया। साथ ही संभावित जनहानि को रोकने हेतु यातायात पूर्णतः नियंत्रित कर रूट डायवर्जन किया गया।

दोपहर लगभग 1:00 बजे इंदौर से एचपीसीएल की विशेषज्ञ तकनीकी टीम के घटनास्थल पर पहुंचने के पश्चात जिला आपदा प्रबंधन टीम के समन्वय से पूर्णतः आवागमन बंद कर क्रेन की सहायता से एलपीजी टैंकर को सुरक्षित रूप से सीधा किया गया। पूरे ऑपरेशन के दौरान गैस रिसाव, आगजनी अथवा विस्फोट की किसी भी आशंका को नियंत्रित रखा गया।

इस अभियान के दौरान अपर कलेक्टर सी.एस. सोलंकी, गेल इंडिया लिमिटेड के जीएम प्रबुद्ध मजूमदार, एसडीएम भास्कर गाचले, एसडीओपी श्रीमती रूपरेखा यादव, कमांडेंट होमगार्ड एवं एसडीआरएफ शशिधर पिल्लई, तहसीलदार सुनील डावर, टी.ई. भास्करे, ट्रैफिक सूबेदार, होमगार्ड प्लाटून कमांडर संतोष डिंडोर तथा सिविल डिफेंस के दुजेंद्र व्यास सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी सक्रिय रूप से उपस्थित रहे।

जिला प्रशासन द्वारा अपनाई गई मानक आपदा प्रबंधन प्रक्रिया (SOP), विभागीय समन्वय एवं सतर्कता के परिणामस्वरूप यह संभावित बड़ी आपदा बिना किसी जनहानि के सफलतापूर्वक टाल दी गई। पुलिस, एसडीआरएफ, सिविल डिफेंस, गेल इंडिया लिमिटेड एवं नगर पालिका फायर टीम के समन्वित प्रयासों से संपूर्ण ऑपरेशन शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित रूप से संपन्न हुआ।

और पड़े

राजेंद्र राठौर

राजेंद्र राठौर टुडे लाइव न्यूज़ के सह-संपादक हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में वर्षों का अनुभव रखने वाले राठौर राजनीतिक, सामाजिक और जनहित से जुड़े विषयों पर उत्कृष्ट पकड़ और विश्लेषण क्षमता के लिए जाने जाते हैं। उनकी लेखनी निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनसंवेदनशीलता से परिपूर्ण होती है।

सम्बंधित खबरें

Back to top button
error: Content is protected !!