महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने किया कालापान एवं उमरिया वैजंत्री बैराज योजनाओं का भूमिपूजन




सैकड़ों कृषकों को मिलेगा सिंचाई लाभ
झाबुआ। मध्यप्रदेश शासन, जल संसाधन विभाग भोपाल द्वारा स्वीकृत जिले की दो महत्वपूर्ण सिंचाई परियोजनाओं कालापान बैराज एवं उमरिया वैजंत्री बैराज का भूमिपूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। आयोजित कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया द्वारा भूमिपूजन किया गया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री नागर सिंह चौहान, सांसद श्रीमती अनीता चौहान, विधायक डॉ. विक्रांत भूरिया, जिला अध्यक्ष भानु भूरिया, राणापुर जनपद अध्यक्ष श्रीमती निर्मला भूरिया, जिला पंचायत सदस्य विजय भाबोर, जिला पंचायत सदस्य बहादुर हटीला सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, ग्रामवासी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
तहसील राणापुर, जिला झाबुआ अंतर्गत ₹414.41 लाख की लागत से कालापान बैराज योजना का भूमिपूजन किया गया। बैराज की जल ग्रहण क्षमता 0.89 मिलियन घनमीटर है, जिससे लगभग 300 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा विकसित होगी। इस योजना से ग्राम कालापान, नाड, गवसर एवं दोतड़ के कुल 369 कृषक लाभान्वित होंगे।
इसी प्रकार तहसील झाबुआ अंतर्गत ₹543.50 लाख की लागत से उमरिया वैजंत्री बैराज योजना का भूमिपूजन किया गया। बैराज की जल ग्रहण क्षमता 1.07 मिलियन घनमीटर है, जिससे 380 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी। इस परियोजना से ग्राम उमरिया वैजंत्री एवं सजवानी छोटी के 413 कृषक लाभान्वित होंगे।
भूमिपूजन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने कहा कि इन सिंचाई परियोजनाओं के क्रियान्वयन से क्षेत्र के किसानों को स्थायी सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी तथा किसानों की आय में सुधार आएगा।
इन सिंचाई परियोजनाओं के पूर्ण होने से क्षेत्र के सैकड़ों कृषकों को लाभ मिलेगा एवं जिले के कृषि विकास को नई गति प्राप्त होगी।
कार्यपालन यंत्री जल संसाधन विभाग विपिन पाटीदार एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।
