महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने रामा में एकीकृत शाला में आधुनिक विज्ञान प्रयोगशालाओं का भूमिपूजन किया

समग्र शिक्षा अभियान अंतर्गत 59.73 लाख रुपये के कार्य स्वीकृत

झाबुआ। महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने गुरुवार को रामा विकासखंड स्थित एकीकृत शाला शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, रामा में समग्र शिक्षा अभियान अंतर्गत भारत शासन द्वारा वार्षिक कार्ययोजना 2025-26 में स्वीकृत विभिन्न निर्माण कार्यों का विधिवत भूमिपूजन किया। इन कार्यों के अंतर्गत विद्यालय में आधुनिक सुविधाओं से युक्त विज्ञान प्रयोगशालाओं का निर्माण किया जाएगा।

समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत विद्यालय में भौतिकी (फिजिक्स) प्रयोगशाला का निर्माण 19.66 लाख रुपये, रसायन शास्त्र (केमिस्ट्री) प्रयोगशाला का निर्माण 20.41 लाख रुपये तथा जीव विज्ञान (बायोलॉजी) प्रयोगशाला का निर्माण 19.66 लाख रुपये की लागत राशि से किया जाएगा। इस प्रकार कुल 59.73 लाख रुपये की लागत से विद्यालय में विज्ञान विषयों की प्रयोगात्मक शिक्षा को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।

इस अवसर पर मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने कहा कि भारत सरकार और राज्य सरकार का निरंतर प्रयास है कि शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार हो और छात्राओं को आधुनिक संसाधनों के माध्यम से सीखने के बेहतर अवसर प्राप्त हों। विज्ञान की पढ़ाई केवल पुस्तकों तक सीमित न रहकर प्रयोगों के माध्यम से हो, इसी उद्देश्य से इन प्रयोगशालाओं का निर्माण किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण अंचलों में अध्ययनरत बेटियों को भी वही सुविधाएं मिलनी चाहिए जो शहरी क्षेत्रों में उपलब्ध हैं। इन विज्ञान प्रयोगशालाओं से छात्राओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित होगा तथा वे भविष्य में डॉक्टर, इंजीनियर, शोधकर्ता एवं अन्य तकनीकी क्षेत्रों मंल आगे बढ़ सकेंगी।

मंत्री ने यह भी कहा कि प्रयोगशालाओं के निर्माण से विद्यालय का शैक्षणिक वातावरण और अधिक सुदृढ़ होगा तथा छात्राओं को बोर्ड परीक्षाओं, प्रतियोगी परीक्षाओं एवं उच्च शिक्षा के लिए बेहतर तैयारी करने में सहायता मिलेगी। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूर्ण किया जाए तथा प्रयोगशालाओं में आवश्यक उपकरणों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री सुश्री भूरिया ने विद्यालय में छात्राओं को प्रमाण पत्र का वितरण कर उनसे संवाद कर उनकी शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी भी ली। उन्होंने छात्राओं को नियमित अध्ययन, अनुशासन एवं आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण, विद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षकगण, छात्राएं तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

और पड़े

राजेंद्र राठौर

राजेंद्र राठौर टुडे लाइव न्यूज़ के सह-संपादक हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में वर्षों का अनुभव रखने वाले राठौर राजनीतिक, सामाजिक और जनहित से जुड़े विषयों पर उत्कृष्ट पकड़ और विश्लेषण क्षमता के लिए जाने जाते हैं। उनकी लेखनी निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनसंवेदनशीलता से परिपूर्ण होती है।

सम्बंधित खबरें

Back to top button
error: Content is protected !!