महिला एवं बाल विकास मंत्री ने किया विद्युत वितरण कंपनी के अधीक्षण यंत्री कार्यालय के नवीन भवन का लोकार्पण






उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएँ देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
झाबुआ। मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के अधीक्षण यंत्री कार्यालय के नवीन भवन का लोकार्पण गुरुवार को महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया द्वारा किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर नेहा मीना विशेष रूप से उपस्थित रहीं।
लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने कहा कि बचपन से उनका इस क्षेत्र से जुड़ाव रहा है और उन्होंने यहाँ के कार्यालय को निकट से देखा है। पुराने कार्यालय भवन का भी भविष्य में जनहित के कार्यों में उपयोग किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अधीक्षण यंत्री कार्यालय के नवीन भवन का लोकार्पण प्रसन्नता का विषय है, जिससे विभागीय कार्य व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।
उन्होंने बताया कि पेटलावद क्षेत्र में सिंचाई का रकबा बढ़ने के साथ कृषि क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है, जिसके चलते बिजली की मांग में भी वृद्धि हुई है। ट्रांसफार्मर, ग्रिड एवं अन्य आवश्यकताओं से संबंधित सभी प्रस्ताव उनके संज्ञान में हैं। शासन द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं और आगामी वर्ष में आवश्यक स्वीकृतियाँ प्रदान कर किसानों को बेहतर विद्युत सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
इस अवसर पर कलेक्टर नेहा मीना ने कहा कि नवीन भवन के लोकार्पण से विद्युत वितरण कंपनी को एक आधुनिक एवं सुसज्जित कार्यस्थल प्राप्त हुआ है, जिससे कार्य दक्षता में वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि इस कार्यालय के माध्यम से उपभोक्ताओं और किसानों की बिजली संबंधी समस्याओं का त्वरित निराकरण, बेहतर समन्वय एवं पारदर्शी कार्यप्रणाली सुनिश्चित की जा सकेगी। आमजन अपनी समस्याओं को लेकर सीधे कार्यालय पहुँच सकेंगे, जिससे शिकायत निवारण की प्रक्रिया अधिक प्रभावी होगी।
कलेक्टर ने भवन के कुशल रखरखाव पर भी जोर देते हुए कहा कि निर्माण के साथ-साथ स्वच्छता, सुरक्षा एवं मेंटेनेंस बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
जिलाध्यक्ष श्री भानु भूरिया ने अपने संबोधन में कहा कि परिसर की अनुकूल व्यवस्था एवं बैठक सुविधाएँ कार्य वातावरण को सकारात्मक बनाती हैं, जिससे अधिकारियों एवं कर्मचारियों का मनोबल बढ़ता है। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सुसज्जित भवन का निर्माण हुआ है और इससे ग्रामीण क्षेत्रों के छोटे-छोटे उपभोक्ताओं की समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सकेगा।
लोकार्पण उपरांत मुख्य अतिथियों द्वारा नवीन भवन का निरीक्षण भी किया गया।
कार्यक्रम में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व झाबुआ भास्कर गाचले, तहसीलदार, अधीक्षण यंत्री डी.एस. राजपूत, कार्यपालन यंत्री महेन्द्र पंवार, सुखदेव मंडलोई, पुरुषोत्तम वैरागी सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्री कमलेश श्रीवास्तव द्वारा किया गया।
